मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से ही सफलता का शिखर प्राप्त होता है
बस्ती और यूनिक साइंस एकेडमी के लिए गौरव का क्षण
मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से ही सफलता का शिखर प्राप्त होता है।
बस्ती। दुबौलिया विकास क्षेत्र के डेईडीहा बुजुर्ग निवासी अतुल चौधरी ने नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र एवं जनपद का नाम रोशन किया है। यूनिक साइंस एकेडमी के पूर्व छात्र अतुल ने नीट परीक्षा में 720 में से 550 अंक प्राप्त किए हैं।
अतुल चौधरी ग्राम प्रधान अमरनाथ चौधरी एवं शांति देवी के पुत्र हैं। उनकी सफलता की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उन्होंने बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों का सहारा लेने के बजाय घर पर रहकर नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, लगन और निरंतर प्रयास के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।
अतुल की इस उपलब्धि पर परिवार, क्षेत्रवासियों एवं यूनिक साइंस एकेडमी बस्ती के निदेशक संतोष श्रीवास्तव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। वहीं डायरेक्टर आलोक श्रीवास्तव ने अतुल को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं में भी खुशी का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि अतुल शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
अतुल की सफलता पर राजेश, बलवंत, आर.बी., संगीता, शोभा पांडेय, अर्चना सहित यूनिक साइंस एकेडमी परिवार के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि अतुल भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
