बस्ती
!! सतर्क रहें, जानकार बनें, सुरक्षित रहें !!
आपकी सावधानियाँ आपको साइबर अपराध से बचा सकती हैं।
बस्ती पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु निरन्तर कार्य किया जा रहा है। किन्तु यदि आप स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहकर कार्य करें तो आप स्वयं ही अपने आपको साइबर अपराधियों से बचा सकते हैं। जिसके लिये आप साइबर सुरक्षा हेतु दिये गये समस्त बिन्दुओं को पढ़कर साइबर सुरक्षा के जानकार बन सकते हैं तथा अपने मित्रो तथा संबंधियों को भी साइबर सुरक्षा के जानकार बना सकते हैं। यदि कोई भी जनमानस साइबर ठगी का शिकार हो भी जाता है तो बस्ती पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर है जिसके लिये जनपद बस्ती में साइबर सेल का गठन किया गया है, जिससे कि बस्ती की जनता को साइबर अपराधियों का शिकार होने से बचाया जा सके तथा साइबर अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जा सके। यदि किसी के साथ साइबर अपराध घटित हो जाता है तो वह व्यक्ति तत्काल अपने नजदीकी थाने पर सूचना दर्ज कराये तथा समक्ष उपस्थित होकर भी कार्यवाही हेतु प्रार्थना पत्र दे सकता है।
1. किसी भी अज्ञात फोन कॉल, मैसेज, या लिंक पर अपने बैंक खातें या अपनी सोशल मीडिया संबंधित कोई भी जानकारी किसी से कभी शेयर न करें।
2. यदि आपसे कोई व्यक्ति फोन या मैसेज के माध्यम से आपके बैंक खाते या किसी पेमेन्ट वॉलेट जैसे PAYTM, GOOGLE PAY, Phonepe आदि किसी खाते की kyc अपडेट करने को कहता है, जिसमें आपसे कोई रकम छोटी या बड़ी रजिस्ट्रेशन के नाम पर लेने का लालच या गूगल प्ले स्टोर या किसी लिंक के माध्यम से कोई ऐप जैसे quick support, teamviewer, anydesk या अन्य कोई रिमोट एक्सेस ऐप आपके फोन में डाउनलोड करने के लिये कहता है तो ऐसा कदापि न करें, अन्यथा आप साइबर ठगी के शिकार हो सकते हैं।
क्या करें..........
1.आप अपने सोशल मीडिया(फेसबुक, इन्स्टाग्राम, ट्विटर आदि) से संबंधित पासवर्ड के रूप में अपना मोबाइल नम्बर, जन्म तिथि, ई-मेल आई0डी0 कदापि न रखें।
2.आप अपने आनलाइन एकाउण्ट से सम्बन्धित पासवर्ड को प्रत्येक तीन माह में अवश्य बदल लें।
3. प्रत्येक दिन आप अपना सोशल मीडिया एकाउण्ट जैसे फेसबुक, ट्विटर आदि को चेक करते रहें।
4. यदि आपका सोशल मीडिया एकाउण्ट हैक हो गया है तो जनपद की साइबर सेल से तत्काल सम्पर्क करें।
क्या न करें...........
1.आपके फेसबुक मित्रो द्वारा यदि मैसेन्जर आदि से रूपये की मांग की जाती है तो रूपये ना भेजें।
2. रूपये मांगे जाने की सूचना अपने फेसबुक मित्र जिसकी आई0डी0 से रूपये की मांग की जा रही है, को जरिये दूरभाष तत्काल अवगत करायें !
3.किसी भी अन्जाने लिंक पर जाने से बचें।
4. किसी भी आनलाइन ट्रान्जेक्शन में पूर्णतः सावधानी बरतें।
5. किसी भी प्रकार के इनाम/प्रलोभन से बचें।
6. किसी के भी कहने पर किसी भी रिमोट एक्सेस ऐप को डाउनलोड न करें।