बस्ती
कोविड 19 से लोगों को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में सरकार ने कोरोना के ऐसे मरीज जो कि आयुष्मान योजना के लाभार्थी हैं के इलाज के लिए उपचार की दरों की घोषणा कर दी है। यह जानकारी जिले के आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नोडल अधिकारी डा. सीएल कन्नौजिया ने दी है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में लौट रहे प्रवासी जो आयुष्मान भारत योजना के कार्डधारक हैं उनका उपचार निर्धारित दर पर होना है। जनरल वार्ड (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रति शैया प्रति दिन 1800 रुपये, हाईडिपेन्सी यूनिट (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रतिदिन 2700 रुपये, आई0सी0यू0 (वेन्टीलेटर रहित) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रतिदिन 3600 रुपये एवं आईसीयू (वेन्टीलेटर सहित) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रतिदिन 4500 रुपये उपचार पर खर्च करने का प्रावधान किया गया है। जनपद में वापस आ रहे प्रवासियों के लिये 6क्वारटीन सेन्टर बनाये गये हैं। डा. कन्नौजिया ने बताया इस संबंध में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की मुख्य कार्यपालक अधिकारी संगीता सिंह ने प्रदेश के सभी सीएमओ को पत्र लिखा है।
तय किये गये दर से प्रतिदिन के हिसाब से सम्बन्धित केन्द्र पर ही भुगतान किया जायेगा। पत्र में निर्देशित किया गया है कि कोविड 19 से संक्रमित आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के लाभार्थियों के उपचार पर हुये व्यय की प्रर्तिपूति के सम्बन्ध में दरें निर्धारित की जा चुकी हैं। जिले में जिन चिकित्सालयों में कोरोना के मरीज भर्ती हैं उनमें आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का उपचार तय दर पर ही किया जायेगा। गौरतलब है कि जिले कुछ चिकित्सालयों को कोविड-19 समर्पित चिकित्सालय घोषित किया गया है। इसके साथ ही आयुष्मान योजना के अन्तर्गत उन्ही का उपचार किया जा सकता है जो गोल्डन कार्डधारक हैं।
जनपद की हकीकत
सीएमओ ने बताया कि जनपद में अब तक कोविड 19 से कुल संक्रमित 198 लोग पाये गये। जनपद में अभी तक 383 सैम्पल की रिपोर्ट प्रतीक्षा सूची में है। कुल 43 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। जिले में रूधौली तहसील क्षेत्र में कुल 3 हाटस्पाट स्थल चिन्हित हैं। जहां जिला प्रशासन की देख रेख में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।